Thursday, January 1, 2009

विकास भवन पर वैश्य समाज का धरना

आगरा। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद ने वैश्य समाज के लोगों को पर किये जा रहे अत्याचार के खिलाफ आगरा के विकास भवन पर दऱना दिया। धरने पर बैठे लोगों ने औरेय्या के इंजीनियर हत्या कांड़ और आगरा के मोनू अपहरण काण्ड़ का विरोध जताते हुये वैश्य समाज को असुरक्षित बताया।
औरेय्या के इंजीनियर मनोज गुप्ता की निर्मम हत्या और आगरा के मोनू गुप्ता के अपहरण की घटना ने वैश्य समाज को दहला दिया है। पूरे प्रदेश मे वैश्य समाज के लोगों के साथ हो रही इस प्रकार की अन्य घटनाओं ने वैश्य समाज के लोगों को गुस्से से भर दिया है। जिसके चलते अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद ने विकास भवन के समक्ष जाकर धरना दिया और एक मांग पत्र भी प्रशासन को सौंपा।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह से वैश्य समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, इससे तो समाज के लोग अपने काम-धाम छोड़कर घर बैठने को मजबूर हो जायेगें और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहेगी। वक्ताओं ने चेतावनी भरे लहज़े मे कहा कि अगर जल्द ही इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नही लगा तो समस्त वैश्य समाज सड़कों पर आकर आन्दोलन करेगा।
इस मौके पर पोरवाल महासभा के अध्यक्ष रामचरन गुप्ता, रविप्रकाश अग्रवाल, ड़ा अशोक अग्रवाल, विनय अग्रवाल, आनन्द पोरवाल, अतुल गर्ग और दीपक बसंल आदि मौजूद थे। धरने की अध्यक्षता मुरारीलाल फतेहपुरिया ने किया।

नये साल पर शिशु सदन मे दिया दान

आगरा। मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार निवारण संघ की आगरा इकाई के सदस्यों ने नववर्ष के उपलक्ष मे बाल शिशु सदन अनाथ आश्रम जाकर वहां रह रहे बच्चों को कई तरह की ज़रुरी वस्तुऐं प्रदान की।
संघ से जुड़े पदाधिकारी एंव सदस्य दोपहर बल्केश्वर स्थित शिशु सदन पर पंहुचे और वहां मौजूद बच्चों के लिये चादरें, तख्त, ट्रंक और खाने-पीने का सामान देकर नये साल की शुभकामनाऐं दी। ये सारा सामान संस्था के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रहण किया। इस मौके पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवकरण शर्मा, महासचिव जितेन्द्र पाराशर, प्रदेश महासचिव सुखदेव आचार्य, शिवशंकर वर्मा, मंड़ल प्रभारी नीरज लवानियां, उपाध्यक्ष जे पी सिंह, नगराध्यक्ष जितेन्द्र अग्रवाल, पुष्पा शर्मा, प्रतिमा तोमर, राजेश देवी और लता गुप्ता आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। नये साल के पहले दिन संस्था के पदाधिकारियों ने भविष्य मे भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को जारी रखने संकल्प लिया।

आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दें- ज़ैदी

आगरा। इस्लामिक नववर्ष 1430 हिजरी की शुरुआत के मौके पर बेमिसाल ताजमहल की शाही मस्जिद के सदर सैय्यद इब्राहिम ज़ैदी ने सभी देशवासियों को मुबारकबाद दी। इस मौके पर उन्होने अपील करते हुये कहा कि इस नये साल में सभी देशवासी मिलकर आंतकवाद फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दें। ताकि पूरी दुनिया को ये संदेश जाये कि भारत मे रहने वाले तमाम लोग आंतकवाद के खिलाफ है। उन्होने केन्द्र और प्रदेश सरकार से आगरा मे पर्यटन को बढावा देने की नयी योजनाओं को विकसित करने की मांग भी दोहराई।